सिंचाई विभाग संग समीक्षा बैठक, जनसंवाद में सुनीं जनसमस्याएं
अरुण कुमार, उत्तराखण्ड उजाला
किच्छा। किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक तिलक राज बेहड़ के कार्यालय में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख आधारभूत संरचना, सिंचाई एवं बाढ़ सुरक्षा योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने बताया कि रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड संख्या–01, जो किच्छा विधानसभा क्षेत्र में आता है, वहां लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। पानी की निकासी के लिए पूर्व में पुल को तोड़ा गया था। अब उनके प्रयासों से इस कार्य के लिए 1 करोड़ 74 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है, जिसे इसी वित्तीय वर्ष में स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
इसके अतिरिक्त नाबार्ड मद से जनपद ऊधम सिंह नगर के विकासखंड रुद्रपुर अंतर्गत राईट पाहा नहर की लाइनिंग के लिए 4 करोड़ रुपये, देवरिया नहर के आधुनिकीकरण एवं पुनरोद्धार के लिए 4 करोड़ 17 लाख रुपये तथा किच्छा क्षेत्र में गोला नदी के बायें पार्श्व पर स्थित धाधा एवं चाचर गांवों के लिए बाढ़ सुरक्षा योजना हेतु 4 करोड़ 57 लाख रुपये के एस्टीमेट तैयार कर शासन को प्रेषित किए जा चुके हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में जलभराव एवं बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक बेहड़ ने बताया कि राज्य सरकार के माध्यम से भारत सरकार को एसएएससीआई (स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट) योजना के तहत किच्छा में प्रस्तावित 280 बिस्तरों वाले सैटलाइट सेंटर (एम्स ऋषिकेश) परिसर के बाहर वर्षा जल निकासी के लिए 8 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण योजना का प्रस्ताव स्वीकृति हेतु भेजा गया है।
बैठक के दौरान विधायक ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को किच्छा विधानसभा क्षेत्र की समस्त नहरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए पर्याप्त मात्रा में निर्बाध पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की अन्य सड़कों पर भी निर्माण एवं विकास कार्य निरंतर प्रगति पर हैं।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग गजेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग भरत सिंह डांगी, सहायक अभियंता विजय पाल, अपर सहायक अभियंता आबिद, कनिष्ठ अभियंता रहीस अहमद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसंवाद में उठीं स्थानीय समस्याएं
इससे पूर्व विधायक तिलक राज बेहड़ ने किच्छा कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में वार्ड संख्या–18 के सलीम अहमद, मोहम्मद नासिर, आजाद हुसैन, सितारा, सोनम, नदीम, मोहम्मद अखलाक, शमसुल हसन, रिजवान, लियाकत एवं सफीक अहमद ने दिल्ली टेंट हाउस से चार बीघा रोड सद्दाम गोटिया तक स्थित सरकारी गूल एवं नालियों की साफ-सफाई कराने, क्षेत्र में लगे लगभग 20 विद्युत पोलों की स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने तथा सेंट मेरी स्कूल छिनकी के प्रबंधकों द्वारा विद्यालय में बच्चों की शिक्षा के लिए एक अतिरिक्त कमरे के निर्माण की मांग रखी।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











