जन-जन के द्वार शिविर में उमड़ा जनसैलाब
(अरुण कुमार: उत्तराखण्ड उजाला)
सितारगंज। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विकास खण्ड सितारगंज की न्यायपंचायत बिरिया के राजकीय इंटर कॉलेज औदली में भव्य बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने की। शिविर के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ तथा ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
सितारगंज में बहुद्देशीय शिविर, 27 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
शिविर में पूर्व सांसद/दर्जा मंत्री बलराज पासी एवं पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर करना है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं पिछड़े वर्गों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका पात्र व्यक्तियों को शत-प्रतिशत लाभ दिया जाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए जनता से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में कुल 25 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क जांच, टीकाकरण, दवा वितरण एवं एक्स-रे की सुविधा प्रदान की गई। शिविर में कुल 1512 लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान 73 समस्याएं पंजीकृत हुईं, जिनमें से 27 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 711 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, होम्योपैथिक विभाग द्वारा 91 एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा 96 लोगों की जांच कर दवाएं वितरित की गईं, साथ ही 34 एक्स-रे किए गए। श्रम विभाग द्वारा 18 श्रम कार्ड बनाए गए तथा 46 लाभार्थियों को टूलकिट, कंबल एवं छाता वितरित किए गए। पूर्ति विभाग द्वारा 17 राशन कार्ड ई-केवाईसी, 13 आधार कार्ड अपग्रेड/नए बनाए गए तथा 24 शिकायतों का निस्तारण किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न पेंशन योजनाओं के 32 फार्म भरवाए गए, 03 दिव्यांग प्रमाणपत्र, 04 दिव्यांग बस पास एवं 08 शादी अनुदान प्रकरणों का निस्तारण किया गया। शिविर में 50 जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र भी बनाए गए।
इसके अतिरिक्त 06 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 02 बच्चों का अन्नप्राशन किया गया। सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार संबंधी जानकारियां दी गईं। डेरी, पशुपालन, उद्यान, शिक्षा, विधिक सेवा प्राधिकरण, विद्युत, उद्योग एवं मत्स्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा भी बड़ी संख्या में लोगों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, जिला पंचायत सदस्य सूरज नारायण, प्रधान जगदीप सिंह, नमिता मंडल, किशन सिंह कार्की, तहसीलदार हिमांशु जोशी, मुख्य शिक्षाधिकारी के.एस. रावत, समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, खंड विकास अधिकारी सी.आर. आर्या, डीपीओ मुकुल चौधरी, ईडीएम जावेद पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।












