किच्छा। देवभूमि व्यापार मंडल द्वारा आज जनरल स्टोर यूनियन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इस दौरान महेंद्र फुटेला को जनरल स्टोर यूनियन का कार्यकारी अध्यक्ष एवं संदीप मलिक को कार्यकारी महामंत्री नियुक्त किया गया। नियुक्ति के बाद देवभूमि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र फुटेला ने देवभूमि
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि शीघ्र ही जनरल स्टोर दुकानदारों की बैठक बुलाकर यूनियन की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारियों द्वारा मंगल बाजार हटाने को लेकर जो आंदोलन चलाया जा रहा है, उसमें जनरल स्टोर यूनियन पूरी मजबूती के साथ व्यापारियों के साथ खड़ी है। इस अवसर पर देवभूमि व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष जगरूप सिंह (गोल्डी) ने कहा कि मंगल बाजार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे व्यापारी समाज का समर्थन हमारे साथ है और हम इस बाजार को बंद कराकर ही दम लेंगे।
रेडीमेड यूनियन के अध्यक्ष केशव लोहिया ने भी मंगल बाजार का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि किच्छा में पहले से ही दो बाजार लगते आ रहे हैं, तीसरा बाजार किसी भी स्थिति में नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किच्छा का व्यापारी एकजुट है और इस लड़ाई को जीतकर ही रहेगा। कार्यक्रम में देवभूमि व्यापार मंडल महामंत्री नितिन फुटेला, रेडीमेड यूनियन अध्यक्ष केशव लोहिया सहित चंदन गुप्ता, सत्येंद्र मौर्य, हरपाल राठौर, राधेश्याम अरोड़ा, गोविंद अरोड़ा, नितिन अरोड़ा, सनी पांडे, गुलशन चावला समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।











