अरुण कुमार: संवाददाता, उत्तराखंड उजाला
रूद्रपुर। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर देवभूमि उत्तराखंड में जनाक्रोश लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में ट्रांजिट कैंप व्यापार मंडल के आह्वान पर स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और ट्रांजिट कैंप व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में एक विशाल कैंडल मार्च निकालकर न्याय की पुरज़ोर मांग की।
कैंडल मार्च ट्रांजिट कैंप कोतवाली के समीप स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर शिवनगर स्थित चामुंडा मंदिर तक निकाला गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर “अंकिता को न्याय दो”, “वीआईपी का नाम उजागर करो” जैसे नारों के साथ हत्याकांड के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने और निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि अंकिता हत्याकांड को लेकर हाल ही में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच हुई कथित बातचीत में ‘वीआईपी’ का नाम सामने आने के बाद पूरे प्रदेश की जनता स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि इस नए खुलासे ने सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ठुकराल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धामी सरकार को अपनी निष्पक्षता सिद्ध करने और संदेह के घेरे से बाहर आने के लिए तत्काल भारत सरकार से इस प्रकरण की सीबीआई जांच की संस्तुति करनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और मृतका को न्याय मिल सके।
वहीं ट्रांजिट कैंप व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने कहा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड की बेटी थी और उसकी निर्मम हत्या ने समाज के हर वर्ग को झकझोर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इस मामले की गहराई से जांच कर वीआईपी चेहरे को बेनकाब नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।
कैंडल मार्च में विकास बंसल, ललित बिष्ट, रजत गुप्ता, केरू मंडल, रामकुमार गुप्ता, सोनू सक्सेना, अनूप, कुलदीप गंगवार, राहुल, जयप्रकाश प्रजापति, गौरव दीक्षित, बाबूराम प्रजापति, हरपाल, योगेंद्र, राकेश अधिकारी, जितेंद्र राठौर, अरविंद गंगवार, कमलदीप सोनकर, सजीव लाला, रविंद्र गुप्ता, मनोज वर्मा, अनिल गुप्ता, यक्ष गुप्ता, राकेश कोली, विजेंद्र पाल, संजय कुमार, उमा सरकार, सचिन, सुमित गुप्ता, सुरजीत शर्मा, प्रीति साना, मोनिका ढाली सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।











